नोएडा के सेक्टर-62 में बुधवार दोपहर एक बड़ी आग लग गई। एक कमर्शियल बिल्डिंग की तीसरी मंजिल पर शॉर्ट सर्किट से आग भड़की और देखते ही देखते पूरी मंजिल में फैल गई। दमकल की 6 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

घटना में कोई जनहानि नहीं हुई लेकिन लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। बिल्डिंग में एक IT कंपनी का दफ्तर था जिसे भारी नुकसान उठाना पड़ा।

क्या बोली पुलिस और फायर विभाग?

  • आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, जांच जारी है
  • बिल्डिंग में फायर NOC था या नहीं, इसकी जांच होगी
  • 50 से अधिक कर्मचारी सुरक्षित बाहर निकले
  • नुकसान का अनुमान 40-50 लाख रुपये से अधिक

नोएडा फायर ऑफिसर ने बताया कि गर्मी के मौसम में शॉर्ट सर्किट की घटनाएं बढ़ जाती हैं और लोगों को AC व बिजली उपकरणों की नियमित जांच करानी चाहिए।